home page

सफाई कामगारों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस शुक्रवार काे करेगी मुख्यमंत्री निवास का घेराव

 | 
सफाई कामगारों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस शुक्रवार काे करेगी मुख्यमंत्री निवास का घेराव


भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सफाई मजदूर कामगार प्रकोष्ठ ने प्रदेश के नगरीय निकायों, नगर निगमों, नगर परिषदों और निजी क्षेत्र में कार्यरत सफाई कामगारों के कथित आर्थिक, शारीरिक और मानसिक शोषण के विरोध में 10 जुलाई को मुख्यमंत्री निवास घेराव की घोषणा की है।

प्रकोष्ठ का दावा है कि वह सफाई कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च करेगा।

प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जयराज सिंह चौहान ने गुरुवार काे मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि पिछले दो दशकों में राज्य सरकार ने सफाई कामगारों के अधिकारों और हितों की लगातार अनदेखी की है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और लंबित मांगों के समाधान के लिए यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है। चौहान ने बताया कि 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। आंदोलन में प्रदेशभर से प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में सफाई कामगार शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि आंदोलन के दौरान सरकार के समक्ष 11 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया जाएगा। प्रमुख मांगों में नगरीय निकायों में ठेका प्रथा समाप्त करना, पिछले 20 वर्षों से कार्यरत अस्थायी, संविदा एवं विनियमित कर्मचारियों का नियमितीकरण, कार्य क्षेत्र के आधार पर एक लाख नए सफाई कर्मियों के पद सृजित कर भर्ती करना तथा आरक्षित वर्ग के पात्र सफाई कर्मचारियों को सभी वैधानिक लाभ सुनिश्चित करना शामिल है।

इसके अलावा अन्य राज्यों की तर्ज पर सफाई कर्मचारियों के लिए अलग से तीन प्रतिशत आरक्षण, अस्वच्छ कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रतिमाह 5,000 रुपये विशेष भत्ता देने तथा सीवर या सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान मृत्यु होने पर परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, पुनर्वास और मृतक कर्मचारी को शहीद का दर्जा देने की मांग भी उठाई जाएगी। प्रकोष्ठ का कहना है कि यदि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे