संघ के मालवा प्रांत कार्यकर्ता सम्मेलन के आयोजन स्थल का विधि-विधान से हुआ भूमिपूजन
धार, 22 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवा प्रांत द्वारा आगामी प्रांत कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी धार में किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय सम्मेलन 1 जनवरी से 3 जनवरी तक आयोजित होगा। इसी क्रम में रविवार को सांदीपनि विद्यालय परिसर में सम्मेलन के आयोजन हेतु निर्धारित स्थल का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन संपन्न हुआ।
भूमिपूजन कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक भूपेंद्र कसेरा द्वारा किया गया। इस अवसर पर संघ की परंपरा के अनुरूप पूजा-अर्चना कर आगामी सम्मेलन के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की कामना की गई।
उल्लेखनीय है कि मालवा प्रांत के इस महत्वपूर्ण कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रांत, विभाग, जिला एवं नगर स्तर के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। सम्मेलन के माध्यम से संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श, कार्यों की समीक्षा तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रांत, विभाग, जिला एवं नगर के अनेक दायित्ववान कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

