राजगढ़ः संवाद से समाधान में सहकारी समिति की लापरवाही पर सख्ती, प्रबंधक और ऑपरेटर को नोटिस
राजगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा की पहल संवाद से समाधान आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रभावी मंच बनती जा रही है। प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले इस जनसुनवाई कार्यक्रम में नागरिक सीधे कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायतें रख रहे हैं। आयोजित जनसुनवाई में सहकारिता विभाग से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिसमें कलेक्टर ने शिकायतकर्ताओं से आमने-सामने चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता प्रेमनारायण ने बताया कि सहकारी समिति सिंदुरिया द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत उन्हें डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इससे खेती के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने प्रथम दृष्टया जांच के बाद सहकारी समिति सिंदुरिया के संस्था प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को समिति की विस्तृत जांच कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा। बैठक में सहकारिता विभाग से संबंधित कुल पांच शिकायतों पर भी सुनवाई की गई। कलेक्टर ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न हो। जिला प्रशासन का कहना है कि संवाद से समाधान कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निराकरण किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग इस पहल का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर रहे हैं, जिससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

