उज्जैनः खालसा की जमीनों पर अतिक्रमण देख संतों ने जताई नाराजगी
उज्जैन, 07 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अखिल भारतीय खालसा परिषद के अध्यक्ष एवं 700 खालसों के प्रमुख स्वामी माधवाचार्य के नेतृत्व में संतों के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उज्जैन का दौरा किया। इस दौरान स्वामी माधवाचार्य ने खालसा की जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर कड़ी नाराजगी जताई।
श्री हजारी हनुमान मंदिर, पवासा के श्रीमहंत काशीदास महाराज ने बताया कि संतों ने महाकालेश्वर दर्शन किए। पश्चात संत दिगंबर अखाड़ा पहुंचे, जहां चरण पादुका पूजन हुआ। संतों का प्रतिनिधिमंडल उन जमीनों का निरीक्षण करने पहुंचा,जहां सिंहस्थ के दौरान खालसे लगते हैं। इन जमीनों पर हो रहे निर्माण और अतिक्रमण को देखकर संतों ने नाराजगी व्यक्त की।
दौरे में स्वामी माधवाचार्य के साथ रामादल अखाड़ा परिषद उज्जैन के अध्यक्ष महंत डॉ. रामेश्वरदास, महंत भगवानदास, भोपाल गुफा मंदिर के महामंडलेश्वर रामप्रवेश दास, जगन्नाथ पुरी के महामंडलेश्वर रामकृष्ण दास, भावनगर के महामंडलेश्वर गरीबदास, नासिक के श्रीमहंत भक्ति दास, इंदौर के महामंडलेश्वर राधे राधे बाबा, बांसवाड़ा के महामंडलेश्वर हरिओम दास, बनारस के महामंडलेश्वर रामलोचन दास, नडिय़ाद के महंत महावीर दास, इंदौर पंचकुइया के महामंडलेश्वर राम गोपाल दास, तेरा भाई त्यागी अयोध्या के महामंडलेश्वर बृजमोहन दास, महा त्यागी कैंप अयोध्या के महामंडलेश्वर सीताराम दास, उज्जैन निर्वाणी अखाड़े के महंत दिग्विजय दास, दिगंबर अखाड़े के महंत रामचन्द्र दास उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

