सागर : जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन पर भड़कीं रेखा चौधरी
सागर, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के प्रदर्शन पर पुलिस की कार्रवाई और बहेरिया क्षेत्र में चलाए गए बुलडोजर को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और प्रशासन पर हमला बोला है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व शहर जिलाध्यक्ष रेखा चौधरी ने दोनों कार्रवाइयों को अमानवीय, गैर-कानूनी और असंवैधानिक बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में निकाले जा रहे विरोध प्रदर्शन को पुलिस द्वारा रोके जाने पर रेखा चौधरी ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास कर रहा है।
रेखा चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार और स्थानीय तंत्र की शराब माफिया के साथ कथित सांठगांठ के कारण बंडा क्षेत्र में इतनी बड़ी दुखद घटना सामने आई। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में वास्तविक दोषियों और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने बहेरिया क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के नाम पर की गई कार्रवाई को लेकर भी प्रशासन को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई के नाम पर गरीब और निर्दोष नागरिकों के घरों और दुकानों को भी बुलडोजर से ढहा दिया गया।उन्होंने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच के किसी व्यक्ति को दोषी मान लेना और उसके आशियाने अथवा दुकान को ध्वस्त कर देना उचित नहीं है। रेखा चौधरी के मुताबिक, इस तरह की कार्रवाई से कई परिवारों के सामने रहने और रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने इसे तानाशाहीपूर्ण कार्रवाई करार देते हुए प्रभावित लोगों को राहत देने की मांग की।
रेखा चौधरी ने कांग्रेस की ओर से सरकार और प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ की जा रही कथित दमनकारी कार्रवाई तत्काल बंद होनी चाहिए। कांग्रेस ने बहेरिया क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान हुए नुकसान का सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा देने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जिन लोगों के घर या दुकानें प्रभावित हुई हैं, उनकी स्थिति को देखते हुए प्रशासन को राहत उपलब्ध करानी चाहिए।
इसके साथ ही कांग्रेस ने बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य दोषियों और शराब माफिया की पहचान कर उनके खिलाफ निष्पक्ष एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रेखा चौधरी ने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बचाया नहीं जाना चाहिए और जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जहरीली शराब से हुई मौतों का मामला बेहद गंभीर है और इसमें जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है। लेकिन कार्रवाई के नाम पर निर्दोष नागरिकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार से मांग की कि बंडा मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक दोषियों तक पहुंचा जाए और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए। साथ ही बहेरिया में कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन कर उन्हें राहत उपलब्ध कराई जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

