सागरः गेहूं खरीदी में देरी पर भड़के किसानों ने किया चक्काजाम, जीतू पटवारी ने कलेक्टर को फोन कर दी चेतावनी
सागर, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में गेहूं खरीदी शुरू न होने से आक्रोशित किसानों ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर मोर्चा खोल दिया। सागर-बीना रोड स्थित कृषि उपज मंडी के बाहर सैकड़ों किसानों ने चक्काजाम कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसी बीच भोपाल से छतरपुर जा रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मौके पर पहुंचे और किसानों के समर्थन में खड़े होकर सीधे प्रशासन को निशाने पर लिया। किसानों का आरोप है कि सरकारी घोषणा अनुसार आज से गेहूं की खरीदी और तुलाई शुरू होनी थी। किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे, लेकिन वहां हम्मालों की हड़ताल के कारण काम पूरी तरह ठप मिला।
किसानों का कहना है कि उनकी फसल खुले आसमान के नीचे पड़ी है। मौसम के बदलते मिजाज से फसल खराब होने का डर सता रहा है। प्रशासनिक कुप्रबंधन के कारण घंटों इंतजार के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला। चक्काजाम के दौरान किसानों ने एम्बुलेंस और आपातकालीन वाहनों के लिए तत्काल रास्ता छोड़ कर संवेदनशीलता का परिचय दिया।
किसानों द्वारा रोके जाने के बाद जीतू पटवारी उनके साथ मंडी परिसर पहुंचे। वहां से पटवारी ने तत्काल सागर कलेक्टर संदीप जीआर को फोन लगाया और तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर खरीदी शुरू कराने की बात कही। पटवारी ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही हम्मालों की समस्या सुलझाकर तुलाई शुरू नहीं की गई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में किसानों के हक के लिए उग्र आंदोलन करेगी। किसानों के बढ़ते दबाव के बाद जिला प्रशासन और मंडी बोर्ड हरकत में आया है। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया है कि हम्मालों से बातचीत कर जल्द ही तुलाई की प्रक्रिया बहाल की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

