home page

सागरः महिला कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री जोशी और सांसद कंगना रनौत का पुतला फूंका

 | 
सागरः महिला कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री जोशी और सांसद कंगना रनौत का पुतला फूंका


सागर, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में जिला शहर महिला कांग्रेस द्वारा गांधी चौक (मछरयाई) पर नेताओं के विवादित बयानों के खिलाफ शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी और सांसद व अभिनेत्री कंगना रनौत का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेत्री डॉ. किरण लता सोनी ने किया, जिसमें जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मुख्य रूप से मौजूद रहे। पुतला दहन के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तैनात पुलिस बल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलने के लिए पुलिस ने बल का इस्तेमाल किया, हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस कोशिश को विफल करते हुए नारेबाजी जारी रखी और पुतला दहन संपन्न किया।

प्रदर्शन के दौरान जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने एक ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री का पद सौंपा है, जिनकी नीतियां और रुख जनहित के विपरीत हैं। इसका सीधा नुकसान देश के युवाओं और विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

सांसद कंगना रनौत पर हमला बोलते हुए जाटव ने कहा कि कंगना को यह समझना होगा कि वे अब रील लाइफ से बाहर आकर 'रियल लाइफ' में जनप्रतिनिधि बन चुकी हैं। देश के युवाओं, विपक्ष और आम जनता के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी कर वे सरकार के फैसलों का बेवजह बचाव कर रही हैं, जबकि उन्हें इसी जनता ने चुनकर संसद तक पहुंचाया है।

कार्यक्रम की आयोजक डॉ. किरण लता सोनी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेताओं के बयानों से देश की महिलाओं और युवाओं को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि मंत्री अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने की बजाय राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त हैं। डॉ. सोनी ने कंगना रनौत द्वारा दिए गए 'जेनरेशन गटर' जैसे विवादित बयानों, पेपर लीक की बढ़ती घटनाओं और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रति इस्तेमाल की गई भाषा की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने इस संबंध में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई, महंगे खाद-डीजल से किसानों की स्थिति और अन्य ज्वलंत मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे