home page

सागर शराब कांड के बाद नर्मदापुरम में सख्ती, नर्मदा किनारे 5 किमी दायरे में दबिश, 27 हजार रुपए की सामग्री बरामद

 | 
सागर शराब कांड के बाद नर्मदापुरम में सख्ती, नर्मदा किनारे 5 किमी दायरे में दबिश, 27 हजार रुपए की सामग्री बरामद


नर्मदापुरम, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद नर्मदापुरम में भी आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को आबकारी विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ शहर के कई संवेदनशील और संदिग्ध इलाकों में एक साथ दबिश देकर अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी कच्ची शराब और महुआ लाहन जब्त किया।

टीम ने बालागंज, मालाखेड़ी, गिन्नी कम्पाउंड, सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के आसपास, बंगाली कॉलोनी सिकलीकर, बीटीआई, मदरवाड़ा, पिचिंग घाट और भीलपुरा समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान 40 बल्क लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा और डेढ़ क्विंटल महुआ लाहन बरामद हुआ। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 27 हजार रुपए बताई गई है।

नर्मदा किनारे 5 किमी में शराब बिक्री पर प्रतिबंध

जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव द्विवेदी ने बताया कि नर्मदा नदी के किनारे से 5 किलोमीटर के दायरे में शराब की बिक्री प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेचे जाने की सूचना मिलने के बाद विभाग ने कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

सागर कांड के बाद बढ़ी निगरानी

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई को लेकर विभाग की सक्रियता बढ़ी है। इसी क्रम में नर्मदापुरम में भी संदिग्ध स्थानों को चिह्नित कर दबिश दी गई। आबकारी विभाग की कार्रवाई में कच्ची शराब के साथ उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला महुआ लाहन भी बरामद किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे