home page

सागर में उपार्जन केंद्र पर गड़बड़ी उजागर, किसानों की उपज अधिक तौलने पर प्रबंधक को नोटिस

 | 
सागर में उपार्जन केंद्र पर गड़बड़ी उजागर, किसानों की उपज अधिक तौलने पर प्रबंधक को नोटिस


सागर, 06 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले में समर्थन मूल्य पर चना और मसूर खरीदी के दौरान गंभीर अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के औचक निरीक्षण में केसली क्षेत्र के एक उपार्जन केंद्र पर किसानों की उपज तय मानक से अधिक तौलते हुए पकड़ी गई, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने मंगलवार को केसली स्थित चना एवं मसूर उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बोरियों की रैंडम जांच करवाई, जिसमें तुलाई के दौरान गड़बड़ी सामने आई। निर्धारित नियमों के अनुसार जूट बारदाने सहित एक बोरी का अधिकतम वजन 50.580 किलोग्राम होना चाहिए, लेकिन जांच में कई बोरियां 50.720 से 50.740 किलोग्राम तक पाई गईं।

इस तरह प्रति बोरी करीब 140 से 160 ग्राम उपज किसानों से अधिक ली जा रही थी। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति बम्होरी के प्रबंधक सचेंद्र कुमार जैन को जिम्मेदार ठहराया है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बुधवार को प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर समिति को उपार्जन कार्य से अलग किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर संस्था को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।

प्रशासन का कहना है कि इस तरह की अनियमितता सीधे किसानों को नुकसान पहुंचाती है। प्रति बोरी कम मात्रा भले ही मामूली लगे, लेकिन बड़ी संख्या में बोरियों के हिसाब से यह नुकसान काफी बढ़ जाता है।

कलेक्टर ने जिले के अन्य उपार्जन केंद्रों को भी चेतावनी दी है कि तुलाई और गुणवत्ता के मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अन्य केंद्रों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे