home page

टीसीएस नासिक विवाद पर सागर में बवाल: विश्व हिंदू परिषद -बजरंग दल का प्रदर्शन

 | 
टीसीएस नासिक विवाद पर सागर में बवाल: विश्व हिंदू परिषद -बजरंग दल का प्रदर्शन


सागर, 18 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्‍ट्र के नास‍िक के टीसीएस (TCS) मामले को लेकर मध्‍य प्रदेश के सागर में शनिवार को विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा नासिक स्थित टीसीएस कंपनी से जुड़े कथित प्रकरण तथा सागर में संगठन के जिला मंत्री पर हुए हमले को लेकर कार्रवाई की मांग था।

कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कलेक्ट्रेट के पास पीली कोठी चौराहे पर विरोध स्वरूप पुतला दहन भी किया गया।

बजरंग दल पदाधिकारियों का आरोप है कि नासिक स्थित टीसीएस कंपनी से जुड़े मामले में एक युवती को कथित रूप से जाल में फंसाया गया। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

प्रदर्शन का दूसरा प्रमुख मुद्दा संगठन के जिला मंत्री बृजेंद्र पटेल पर हुए हालिया हमले को लेकर था। कार्यकर्ताओं का कहना है कि घटना के बाद भी आरोपियों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

ज्ञापन में संगठन ने मांग की है कि जिला मंत्री पर हमला करने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, संबंधित प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई हो तथा हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर उचित जांच और कानून सम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आगे व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

गौरतलब है कि नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के कार्यालय में जबरन धर्मांतरण की कोशिश के आरोपों के बाद यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ महाराष्ट्र पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे