home page

सतनाः जिला अधिवक्ता संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

 | 
सतनाः जिला अधिवक्ता संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न


सतना, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना में जिला अधिवक्ता संघ के सभागार में गुरुवार को नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह, अधिवक्ता मिलन समारोह और जूनियर अधिवक्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद गणेश सिंह, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, महापौर योगेश ताम्रकार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अमित भूरिया उपस्थित रहे। समारोह में अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने पद की शपथ ली। इनमें उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पयासी, सचिव दिनेश प्रसाद शुक्ल, सहसचिव यश वर्धन द्विवेदी, आरक्षित कोषाध्यक्ष वर्षा मिश्रा, ग्रंथपाल आशीष शर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य ऋषि नारायण त्रिपाठी, अमन द्विवेदी 'आशू', आशीष कुमार मिश्रा, आरक्षित सदस्य अनुश्री त्रिपाठी और रीता त्रिपाठी शामिल रहे।

अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अपने संबोधन में अधिवक्ता समुदाय को न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि न्याय की प्रक्रिया में अधिवक्ताओं की भूमिका केवल अपने पक्षकार का प्रतिनिधित्व करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे आम नागरिक को उसके अधिकारों और न्याय तक पहुंच दिलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वह सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर उनके हितों और समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से काम करेगी।

उन्होंने जूनियर अधिवक्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि नए अधिवक्ताओं को वरिष्ठों के अनुभव, विधिक ज्ञान और व्यावहारिक मार्गदर्शन का लाभ मिलना चाहिए। कानून की बारीकियों की समझ, न्यायालयीन प्रक्रिया का अनुभव और पेशे के प्रति जिम्मेदारी ही एक सक्षम अधिवक्ता की पहचान बनाती है। वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं के बीच संवाद की परंपरा मजबूत होगी तो इसका लाभ न्याय व्यवस्था और आम पक्षकारों दोनों को मिलेगा।

कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और महापौर योगेश ताम्रकार ने भी अधिवक्ता समुदाय को शुभकामनाएं दी। अधिवक्ता मिलन समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता की। नई कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और जूनियर अधिवक्ताओं को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

उपमुख्यमंत्री से समस्याओं के समाधान की अपेक्षा

समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल को न्यायालय परिसर में लंबे समय से बनी हुई व्यावहारिक समस्याओं से अवगत कराया। अधिवक्ताओं का कहना था कि न्यायालय परिसर में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं है। धूप और बारिश से बचाव के लिए टीनशेड तथा व्यवस्थित प्रतीक्षास्थल की जरूरत है। इसके अलावा पेयजल, सुरक्षा, महिला अधिवक्ताओं के लिए सुविधाएं और चैंबर संबंधी समस्याएं भी उनके लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। गौरतलब है कि अक्टूबर में न्यायालय परिसर से कुछ अधिवक्ताओं की गुमटियां, शेड और चैंबर हटाए जाने के बाद जिला अधिवक्ता संघ ने इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था। उस समय संघ अध्यक्ष सुनील शर्मा ने नई न्यायालयीन इमारत, बैठने की व्यवस्था, बाउंड्रीवाल, सुरक्षा, शुद्ध पेयजल और महिला अधिवक्ताओं के लिए शौचालय की आवश्यकता बताई थी। अधिवक्ताओं ने उपमुख्यमंत्री से अपेक्षा जताई कि इन समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस पहल की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी