सागर में उत्साह के साथ निकाली गई ‘रन फॉर यूनिटी’, सांसद और कलेक्टर ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
सागर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को सागर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद डॉ. लता वानखेड़े, महापौर संगीता तिवारी, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। एकता दौड़ के दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति सजग रहना और राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि स्वतंत्रता के समय भारत 565 से अधिक रियासतों में बंटा हुआ था। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और कुशल नेतृत्व से इन रियासतों का विलय कराकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को स्मरणीय बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण कराया गया है। सांसद ने नागरिकों से सरदार पटेल के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की संप्रभुता की रक्षा करने तथा उनके बताए मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन में नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी, एसडीएम रोहित वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन और जिला परियोजना समन्वयक गिरीश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

