भोपाल की रोटरियों और डिवाइडरों का होगा सौंदर्यीकरण, आकर्षक पौधे और गमले लगाने के निर्देश
भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शहर की सड़कों, सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज, डिवाइडरों और चौराहों की रोटरियों की बेहतर साफ-सफाई कराने के साथ आकर्षक पौधे लगाने और गमले रखकर सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बुधवार को कोलार क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का सुबह 6 बजे निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, उद्यानों और फुटपाथों के रखरखाव का जायजा लिया।
निगम आयुक्त ने कोलार रोड, स्वर्ण जयंती पार्क, सर्वधर्म, दानिश कुंज और सतगढ़ी स्थित संस्कार उपवन सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, फुटपाथों, उद्यानों, सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज और रोटरियों की सफाई एवं संधारण की जानकारी ली। उन्होंने ट्रैक्टर माउंटेड मशीन और वाटर स्प्रिंकलर से किए जा रहे पानी के छिड़काव का भी अवलोकन किया तथा सफाई मित्रों से चर्चा की।
उद्यानों को सीएसआर के तहत बेहतर बनाने के निर्देश
अहिरवार ने स्वर्ण जयंती पार्क के पास फुटपाथ की सफाई कराने और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत उद्यान को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहों, सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज और रोटरियों से घास-फूस हटाने तथा वहां आकर्षक पौधे लगाने को कहा।
दानिश कुंज तिराहे को सुंदर बनाने के लिए पेंटिंग, पुताई और रंग-रोगन कराने के साथ गमले रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने चौराहों पर लगे फाउंटेन और फुव्वारों का संचालन बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा।
दुकानों और ठेलों के बाहर सामान फैलाने पर रोक
निगम आयुक्त ने दुकानदारों और ठेला संचालकों द्वारा सड़क तथा फुटपाथ पर सामान फैलाने पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों और ठेलों के आसपास लगी प्लास्टिक एवं पन्नियों को हटवाने तथा दुकानों के सामने के कॉरिडोर को साफ और अवरोधमुक्त रखने पर जोर दिया।
संस्कार उपवन के आसपास फुटपाथ और साइड वर्ज से धूल-मिट्टी हटाने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सब्जी बेचने वाले पथ विक्रेताओं सहित अन्य दुकानदारों को अपने ठेलों और दुकानों पर डस्टबिन रखने के लिए समझाइश देने को भी कहा गया, ताकि कचरा सड़कों पर न फैले। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अमन मिश्रा, अभिषेक सिंह, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

