home page

शहडोल : भूमिगत कोयला खदान में स्टॉपिंग वॉल निर्माण के दौरान छत गिरने से दो मजदूरों की मौत, 6 घायल

 | 
शहडोल : भूमिगत कोयला खदान में स्टॉपिंग वॉल निर्माण के दौरान छत गिरने से दो मजदूरों की मौत, 6 घायल


शहडोल : भूमिगत कोयला खदान में स्टॉपिंग वॉल निर्माण के दौरान छत गिरने से दो मजदूरों की मौत, 6 घायल


शहडोल : भूमिगत कोयला खदान में स्टॉपिंग वॉल निर्माण के दौरान छत गिरने से दो मजदूरों की मौत, 6 घायल


शहडोल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एसईसीएल के सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार भूमिगत कोयला खदान में शुक्रवार की दोपहर खदान के अंदर स्टॉपिंग वॉल निर्माण के दौरान छत का एक हिस्सा गिर गया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि सात लोग घायल हैं। इनमें एक की हालत गंभीर है।

बताया गया है कि हादसे में दो मजदूर बल्लू कोल और गोलू बैगा की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही खदान प्रबंधन, सुरक्षा अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंचे। यह हादसा दूसरी पाली में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ। उस समय मजदूर खदान के भीतर स्टॉपिंग वॉल का निर्माण कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक छत का कमजोर मिट्टी और चट्टानी हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिससे कई मजदूर मलबे की चपेट में आ गए।

घटना के तुरंत बाद खदान के कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने खदान के अंदर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया। शाम करीब पांच बजे तक चार घायल मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, और अन्य प्रभावित मजदूरों तक पहुंचने का कार्य जारी रहा।

घायलों को तत्काल एंबुलेंस से केंद्रीय अस्पताल बुढ़ार और जिला अस्पताल शहडोल भेजा गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, कुछ मजदूरों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। कई घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि कुछ को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

हादसे के बाद खदान प्रबंधन ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से घेर दिया है। अधिकारियों ने छत धंसने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान ऊपर की परत कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, वास्तविक कारण तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, खदान में सुरक्षा व्यवस्था, वेंटिलेशन सिस्टम और कार्यस्थल की संरचनात्मक स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है।

हादसे में दो की मौत, 6 घायल

इस हादसे में निर्माण कर रहे 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल है। चार घायलों की पहचान हो गई हैं, वहीं अन्य दो की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।

मृतकों में बल्लू बैगा (43) पुत्र दुग्गा बैगा निवासी पटना एवं गोलू बैगा (30) पुत्र रामदीन बैगा शामिल हैं। वहीं, घायलों में अंजनी बैगा (38) पुत्र छोटेलाल बैगा निवासी बंडी,अमित कुमार यादव (28) पुत्र मुन्ना यादव निवासी बम्हौरी, प्रेमलाल विश्वकर्मा (39) पुत्र रामशरण विश्वकर्मा निवासी बंडी,राजकुमार यादव (37) पुत्र अमरलाल यादव निवासी बंगवार शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला