home page

सीहोर: सड़क निर्माण नहीं होने पर फूटा रहवासियों का गुस्सा, कोलीपुरा चौराहे पर चक्काजाम, 2 किमी लंबा जाम

 | 
सीहोर: सड़क निर्माण नहीं होने पर फूटा रहवासियों का गुस्सा, कोलीपुरा चौराहे पर चक्काजाम, 2 किमी लंबा जाम


लिखित आश्वासन मिलने तक हटने से इनकार

सीहोर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में वार्ड क्रमांक-1 में वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने से नाराज रहवासियों का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा। बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी और नगर पालिका पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए सैकड़ों लोगों ने कोलीपुरा चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते शहर के प्रमुख मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन में पुरुषों, महिलाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क के बीच बैठकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। रहवासियों का कहना है कि वे कई वर्षों से कीचड़, धूल और गहरे गड्ढों वाली सड़क की परेशानी झेल रहे हैं। उनका आरोप है कि हर चुनाव में जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण का वादा करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही सभी आश्वासन भूल जाते हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की जर्जर हालत के कारण आए दिन बुजुर्ग, स्कूली बच्चे और दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं। बारिश के दौरान सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जबकि गर्मी में उड़ने वाली धूल से लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका और सीएम हेल्पलाइन पर कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, रहवासी अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना है कि जब तक वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की तय समय-सीमा के साथ लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक चक्काजाम समाप्त नहीं किया जाएगा।

शहर की यातायात व्यवस्था हुई ठप

कोलीपुरा चौराहा शहर का प्रमुख और व्यस्त यातायात केंद्र है। चक्काजाम के कारण दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी, स्कूली बसें, एंबुलेंस और व्यापारिक वाहन भी जाम में फंस गए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था लंबे समय तक प्रभावित रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे