home page

शहडोल में सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष और उनके साथी की मौत

 | 
शहडोल में सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष और उनके साथी की मौत


- शादी से लौटते समय बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

शहडोल, 10 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के करकी मंडल अध्यक्ष राहुल द्विवेदी और उनके साथी अतुल तिवारी की मौत हो गई। शनिवार देर रात शहडोल-रीवा हाईवे पर जोरा पुलिया के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, टिहकी गांव निवासी राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी शनिवार रात झिरिया गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात जब वे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी हाईवे पर किसी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। रात का अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण काफी देर तक किसी को दुर्घटना की भनक नहीं लगी।

रविवार सुबह जब राहगीरों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक और दो शवों को देखा, तो तत्काल ब्यौहारी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

राहुल द्विवेदी क्षेत्र के एक सक्रिय और लोकप्रिय युवा नेता थे। उनके निधन की खबर फैलते ही जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण एकत्रित हुए। पार्टी नेताओं ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत