home page

मप्र के कटनी में भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से पलटी यात्री बस, 3 की मौत

 | 
मप्र के कटनी में भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से पलटी यात्री बस, 3 की मौत


मप्र के कटनी में भीषण सड़क हादसा, हाइवा की टक्कर से पलटी यात्री बस, 3 की मौत


कई यात्री घायल, बस के नीचे दबे लोगों को निकालने तीन थानों की पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

कटनी, 14 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में रविवार को कुठला थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज और लमतरा फाटक के पास एक तेज रफ्तार हाइवा (ट्रक) ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आर्यन ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक एमपी 19 पी 0347 विजयराघवगढ़ से कटनी की ओर आ रही थी। रविवार शाम करीब चार बजे बस जब विजयराघवगढ़ मोड़ ब्रिज के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे हाइवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री एक-दूसरे पर जा गिरे। दो यात्री बस के नीचे दब गए, जबकि एक व्यक्ति ट्रक के केबिन में फंस गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और घायल यात्री मदद के लिए पुकारते रहे। प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क किनारे पलट गई और कई यात्री उसके नीचे तथा सीटों के बीच फंस गए।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्रियों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ यात्री सड़क और बस के भीतर पड़े हुए मदद के लिए पुकारते रहे। सड़क पर बिखरा सामान, क्षतिग्रस्त वाहन और अपनों को तलाशते परिजनों की बेचैनी हादसे की भयावह तस्वीर बयां कर रही थी। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया और पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी। हादसे में दो पुरुषों और एक महिला की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बस के नीचे दब गई थी। बाद में क्रेन की सहायता से बस को उठाकर उसका शव बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। मृतकाें की पहचान नहीं हाे सकी है।

तीन थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस के साथ जिले के अन्य थानों का पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बस के नीचे दबे यात्रियों और ट्रक के केबिन में फंसे व्यक्ति को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस और डायल-112 वाहनों की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी।

कलेक्टर और एसपी पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका सामने आई है। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और हाइवा को क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्रक के तकनीकी पहलुओं, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे