home page

अनूपपुर: दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, 3 लोगों की मौत और 4 गंभीर घायल

 | 
अनूपपुर: दो बाइकों की सीधी भिड़ंत, 3 लोगों की मौत और 4 गंभीर घायल


अनूपपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम खोडरी के समीप मंगलवार कों एक सड़क हादसा हो गया। यहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर में एक मासूम बच्चे और दो युवकों सहित कुल तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

ग्राम खोडरी के पास हुआ हादसा, मृतक छताई के निवासी

बतायाजाताहैं कि दुर्घटना कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम खोडरी में घटित हुई। दोनों बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों ने दम तोड़ दिया, जिनमें एक बच्चा और दो युवक शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक अनूपपुर जिले के छताई गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इस दुर्घटना में चार अन्य युवक भी बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

घायलों को कोतमा अस्पताल में कराया गया भर्ती, शिनाख्त जारी

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई। अस्पताल में उपचार जारी: मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा ले जाया गया है, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। फिलहाल मृतकों और घायलों के सटीक नाम-पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। कोतमा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है और मृतकों व घायलों की शिनाख्त के साथ उनके परिजनों को सूचित करने के प्रयास में जुटी हुई है।

एक बाइक पर 4, दूसरी पर 3 लोग सवार थे

पुलिस के अनुसार एक बाइक पर चार और दूसरी पर तीन लोग सवार थे। इनमें से एक बाइक पर महिला, पुरुष और दो बच्चे बैठे थे। बताया जा रहा है कि ये सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। यह परिजनों के पहुंचने और पहचान होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घायलों के बयान नहीं हो पाने के कारण फिलहाल हादसे की वजह सामने नहीं आई है।

घायल बोलने की स्थिति में नहीं

एसपी अंकित सोनी ने बताया कि मृतकों और घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया है। हादसे में दो पुरुषों और एक बच्चे की मौत हुई है। वहीं, एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं। एक बच्चे को हल्की चोट आई है। वे फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं हैं। प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सा लय अनूपपुर रेफर गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला