home page

छतरपुर फोरलेन पर भीषण हादसा, 'सांसद प्रतिनिधि' लिखी स्कॉर्पियो ने टैक्सी को मारी टक्कर, एक युवक की मौत

 | 
छतरपुर फोरलेन पर भीषण हादसा, 'सांसद प्रतिनिधि' लिखी स्कॉर्पियो ने टैक्सी को मारी टक्कर, एक युवक की मौत


छतरपुर, 08 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत फोरलेन सड़क पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़े टैक्सी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी में लदी दो बकरियों की भी जान चली गई और कई अन्य घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, कैंडी गांव से बकरियां लादकर एक वाहन महोबा की ओर जा रहा था। जब चालक मोहम्मद सलमान ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया, तभी काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (MP 16 ZE 4411) ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के प्रभाव से टैक्सी वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार शाहबाज अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूबे खटीक और दद्दू खटीक को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे का शिकार हुई स्कॉर्पियो को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी पर सांसद प्रतिनिधि की नेम प्लेट लगी हुई थी। मौके पर मौजूद लोगों का यह भी आरोप है कि वाहन को एक नाबालिग चला रहा था, जो कथित तौर पर कांटी गांव के एक प्रभावशाली व्यक्ति का पुत्र है। हालांकि, हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो सवार लोग दूसरी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उपनिरीक्षक (एसआई) दीपक यादव ने बताया कि वाहन के मालिक और दुर्घटना के समय उसे चला रहे व्यक्ति की पहचान की जा रही है। इस मामले में एक तकनीकी पहलू यह भी सामने आया है कि क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार का वर्तमान में कोई आधिकारिक 'सांसद प्रतिनिधि' नियुक्त नहीं है, ऐसे में निजी वाहन पर इस पदनाम की नेम प्लेट का उपयोग जांच का विषय बन गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत