मुरैना : मोटरसाइकिलों को नाव में रखकर चम्बल नदी पार कर रहे लोग
मुरैना, 14 अगस्त (हि.स.)। जान जोखिम में डालकर मुरैना जिले में अनेक लोग नाव से चम्बल पार करते हुये दिखाई दे रहे हैं। नाव पर सुरक्षा के इंतजामात की तनिक भी संभावनाऐं नजर नहीं आ रहीं, जबकि अनेक दुपहिया वाहन नाव में रखकर चम्बल नदी को पार किया जा रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस नाव पर अनेक लोग भी सवार हैं।
वीडियो के अनुसार नाव में आवश्यक सुरक्षा के सामान भी दिखाई नहीं दे रहे हैं। पुलिस नाव के आवागमन की जांच कराये जाने का भरोसा जता रही है। वर्षाकाल के दौरान चम्बल नदी में पानी का बहाव अत्यधिक तेज होता है। इसके साथ ही अधिक मात्रा में पानी होने के कारण दोनों किनारों के बीच गहराई भी अधिक होती है। इसलिये असुरक्षित नाव से नदी पार करना जान जोखिम में डालना ही होता है। सोशल मीडिया पर यह वायरल वीडियो जिले के नगरा थाना क्षेत्रान्तर्गत साहसपुरा घाट का बताया जा रहा है। इसमें नाव संचालक आवागमन के बदले रूपये मांग रहा है, इसकी आवाज सुनाई दे रही है।
मुरैना उप पुलिस अधीक्षक विजय भदौरिया ने कहा कि यह जांच का विषय है कि वर्षाकाल के दौरान चम्बल में आवागमन के लिये नाव चलाने की अनुमति मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश सरकार से ली गई है या नहीं। बिना अनुमति के नाव चलाना शासन के नियमों के विपरीत है। वीडियो में दिखाई दे रही नाव के किनारे बेरीकेट्स नहीं है। वायरल वीडियो को देखकर ग्रामीण लोग अचंभा कर रहे हैं। वायरल वीडियो को देखकर पुलिस के आलाधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों को मामले की जांच करने के निर्देश दिये हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

