home page

जबलपुर : 24 घंटे में फिर फूटी राइजिंग लाइन, हाईवे पर 20 फीट ऊंचा फव्वारा

 | 
जबलपुर : 24 घंटे में फिर फूटी राइजिंग लाइन, हाईवे पर 20 फीट ऊंचा फव्वारा


जबलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शास्त्री नगर के पास रमनगरा में राइजिंग लाइन की मरम्मत के 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि मंगलवार शाम नागपुर-रीवा हाईवे के खजरी-खिरिया क्षेत्र में मुख्य राइजिंग लाइन फिर फट गई। पाइपलाइन फटते ही तेज दबाव के साथ पानी का फव्वारा निकलने लगा और देखते ही देखते हाईवे पर पानी भर गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की स्थिति दिखाई दे रही है।

राइजिंग लाइन फटने से अमखेरा से बायपास को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ। पाइपलाइन से करीब 20 से 25 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा निकलता रहा, जिससे बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहकर बर्बाद होता रहा। पानी भरने के कारण कार, ट्रक, ऑटो और दोपहिया वाहन भी सड़क पर फंस गए।

पानी के तेज बहाव और सड़क पर जलभराव के कारण मार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से पाइपलाइन को बंद करने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पानी का बहाव रोका गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

नगर निगम के जल प्रभारी कमलेश श्रीवास्तव के अनुसार, राइजिंग लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण फिलहाल कुगवां, खैरी, सुहागी, अमझेरा, शिवनगर और किलकारी गार्डन सहित आसपास के क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उन्होंने बताया कि राइजिंग लाइन की मरम्मत पूरी होने के बाद ही पानी की टंकियां पूरी क्षमता से भर सकेंगी और इन क्षेत्रों में नियमित जल वितरण बहाल हो सकेगा।

गौरतलब है कि इससे पहले रमनगरा क्षेत्र में भी राइजिंग लाइन में खराबी आने के बाद नगर निगम को मरम्मत करनी पड़ी थी। लगातार दूसरी बार मुख्य पाइपलाइन फटने से जल आपूर्ति व्यवस्था और पाइपलाइन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक