home page

रीवा : देर रात पेड़ से टकराकर पलटा सीमेंट का बल्कर, केबिन में फंसे ड्राइवर की जलने से मौत

 | 
रीवा : देर रात पेड़ से टकराकर पलटा सीमेंट का बल्कर, केबिन में फंसे ड्राइवर की जलने से मौत


रीवा, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रीवा-सीधी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां सीमेंट से लदा एक तेज रफ्तार बल्कर अनियंत्रित होकर आम के पेड़ से टकराने के बाद पलट गया। पलटने के साथ ही वाहन में भीषण आग लग गई। हादसे में ड्राइवर की जिंदा जलने से मौत हो गई।

गुढ़ थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बल्कर (नंबर MP19 एचए 6094) बरिगवां से सीमेंट लादकर सतना स्थित बिरला प्लांट की ओर जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 2 बजे रीवा-सीधी रोड पर गहरी पकरा गांव के पास अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और बल्कर सड़क किनारे लगे एक विशाल आम के पेड़ से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बल्कर पलट गया और पलटने के तुरंत बाद उसने विकराल आग पकड़ ली। जब तक आसपास के लोग या राहगीर मदद के लिए आगे आते, तब तक पूरी गाड़ी आग का गोला बन चुकी थी। हादसे के वक्त ड्राइवर केबिन के भीतर ही फंस गया और उसे बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला, जिससे उसकी जिंदा जलकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत डायल 112 और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गुढ़ थाने के एएसआई सुरेश साकेत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश और शिनाख्त में मृतक ड्राइवर की पहचान 36 वर्षीय ब्रिजेश गौतम के रूप में हुई है, जो सीधी जिले के सतोहरी धनहा गांव का निवासी था।

इस हादसे के बाद रीवा-सीधी रोड पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन ठप हो गया और लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत