home page

सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री की सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा : प्रहलाद पटेल

 | 
सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री की सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा : प्रहलाद पटेल


रीवा, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में सेवा संकल्प अभियान की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 25 वर्षों तक गरीबों और आमजन की सेवा की है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से उनकी सेवा भावना और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से अभियान के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के पहले दिन आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के बाद जिलेभर में प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देने के लिए 13 लाख से अधिक आशीर्वाद के दीप जलाए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों का आयोजन निर्धारित तिथियों के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि वाराणसी से बड़नगर के लिए रवाना हुई सेवा संकल्प यात्रा रीवा जिले में पहुंच चुकी है। यात्रा के ठहराव वाले स्थानों पर अनिवार्य रूप से पौधरोपण कराया जाए। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और उनके उचित रखरखाव की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।

प्रहलाद पटेल ने कहा कि आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और समाजसेवी बच्चों को प्रत्येक सप्ताह फल अथवा अन्य पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य और पोषण में अपना योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों से सेवा कलश यात्रा निकाली जाएगी। विधायकों को यात्रा के प्रारंभिक स्थल और मार्ग का निर्धारण करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा का समापन जिला स्तर पर होगा, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि 'सेवा मेरा योगदान' कार्यक्रम के तहत विधायक निर्धारित 25 गतिविधियों में से 10 का चयन करें और उन्हीं गतिविधियों के माध्यम से सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कराएं। वहीं 10 अक्टूबर को जिले के सभी नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों में 'सेवा सेतु' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने अभियान से जुड़ी गतिविधियों के बेहतर फोटो, वीडियो और हितग्राहियों के अनुभवों के वीडियो नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए। पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी अभियान से संबंधित वीडियो अनिवार्य रूप से पोर्टल पर दर्ज कराने को कहा गया।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने रीवा शहर में बाढ़ की समस्या को गंभीर चुनौती बताते हुए इसके स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी और शहर के बड़े नालों के प्रवाह में बाधा बनने वाले अवैध निर्माणों को सख्ती से हटाया जाए। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के प्रावधानों का पालन करते हुए नदियों और नालों के किनारे किए गए सभी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने नालों की सफाई और उन्हें पक्का बनाने के कार्य को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई की अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी