उद्योगों के लिए बिजली, पानी और जमीन के साथ कुशल तकनीशियन भी जरूरी : उपमुख्यमंत्री शुक्ल
रीवा, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा में औद्योगिक विकास की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उद्योगों की स्थापना के लिए बिजली, पानी और जमीन के साथ कुशल तकनीशियनों की भी आवश्यकता होती है। इस आवश्यकता को आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवा पूरा करेंगे। इसलिए आईटीआई के विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल है। हम सब मिलकर रीवा को विकास का सिरमौर बनाएंगे।
उपमुख्यमंत्री शनिवार को संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में आयोजित पांचवें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ट्रेडों में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले संस्थान के 73 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि रीवा में हवाई सेवा शुरू होने के साथ रेलवे और सड़क सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इससे क्षेत्र के विकास को गति मिली है और बड़े उद्योगपति भी यहां निवेश में रुचि दिखा रहे हैं। हाल ही में बीहर रिवर फ्रंट को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिलना भी रीवा के लिए गौरव की बात है।
शुक्ल ने विद्यार्थियों से कहा कि युवा पीढ़ी शिक्षित होने के साथ संस्कारवान भी बने। जिस संस्थान या स्थान पर काम करें, वहां अपने कौशल और कार्यक्षमता से अपनी महत्ता सिद्ध करें। युवा नौकरी के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ें और दूसरे लोगों को रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने युवाओं से नशे की बुराई से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ और सकारात्मक युवा ही विकास के अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास के लिए स्पीड, स्केल और स्किल इंडिया का मंत्र दिया है। आईटीआई से प्रशिक्षित युवा अपने हुनर और कौशल से देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कन्या छात्रावास भवन को शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए।
समारोह में संयुक्त संचालक तकनीकी शिक्षा सौरभ शुक्ला ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने बताया कि संस्थान में 27 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त तीन और छह माह के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं। संस्थान के 73 विद्यार्थियों ने अलग-अलग ट्रेडों में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

