home page

रीवा में ईडी की बड़ी कार्रवाई: तीन ठेकेदारों और स्टोन क्रेशर संचालक के ठिकानों पर छापेमारी

 | 
रीवा में ईडी की बड़ी कार्रवाई: तीन ठेकेदारों और स्टोन क्रेशर संचालक के ठिकानों पर छापेमारी


रीवा, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। ईडी की अलग-अलग टीमों ने शहर के तीन बड़े ठेकेदारों और स्टोन क्रेशर संचालक के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने कई दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू की है, हालांकि अभी तक छापे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।

जानकारी के अनुसार ईडी की टीम ने रीवा की पद्मधर कॉलोनी, इंद्रा नगर और जनता कॉलेज क्षेत्र स्थित ठेकेदारों के आवासों पर सुबह-सुबह पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। टीमों के पहुंचते ही इलाके में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि ईडी अधिकारियों ने घर और कार्यालयों में मौजूद दस्तावेज, लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य कागजातों की जांच शुरू की है।

सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले रीवा में ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों से जुड़े लोगों के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने भी मामला दर्ज किया था। यह कार्रवाई घटिया डामर के उपयोग से जुड़े मामले को लेकर हुई थी, जिसके बाद ठेकेदारों में काफी नाराजगी भी देखी गई थी। अब ईडी की कार्रवाई को भी उसी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बताया गया कि सुबह करीब 5 बजे पद्मधर कॉलोनी में ठेकेदार केके सोहगौरा के निवास पर ईडी की टीम पहुंची। शुरुआत में परिवार के लोगों ने टीम से पहचान और जांच संबंधी दस्तावेज दिखाने की मांग की। पुष्टि होने के बाद टीम ने घर के अंदर प्रवेश कर जांच शुरू की।

वहीं इंद्रा नगर निवासी ठेकेदार त्रिवेणी प्रसाद मिश्रा के यहां भी ईडी की कार्रवाई जारी है। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित कई बड़े निर्माण कार्य किए हैं। इसके अलावा जनता कॉलेज क्षेत्र में रहने वाले ठेकेदार रामसज्जन शुक्ला के ठिकाने पर भी जांच की जा रही है। वे कई निर्माण कार्यों से जुड़े रहे हैं।

ईडी की कार्रवाई को लेकर अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे निर्माण कार्यों में अनियमितता से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि मामला मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा हो सकता है। हालांकि ईडी की ओर से अभी तक कार्रवाई के कारणों या जांच के विषय को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

फिलहाल ईडी की टीम सभी ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटी हुई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी