उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भावी चिकित्सकों से किया संवाद, अस्पतालों में सुरक्षा और स्वच्छता पर दिया जोर
रीवा, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रविवार को रीवा मेडिकल कॉलेज में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में भावी चिकित्सकों एवं चिकित्सा विद्यार्थियों से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों की सुरक्षा, स्वच्छता और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान चिकित्सकों ने कार्यस्थल से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. शशिधर प्रसाद गर्ग, अधीक्षक डॉ. प्रियंक शर्मा, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद यदलवार, डॉ. सिद्धार्थ जैन एवं डॉ. मैत्री चौरे उपस्थित रहे। संवाद के दौरान चिकित्सकों की भूमिका, उनके दायित्वों और अस्पतालों में कामकाज के दौरान आने वाली कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से सीधे बातचीत करते हुए अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी, शौचालयों सहित अन्य स्थानों पर स्वच्छता की समस्या और स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर कार्य वातावरण की आवश्यकता जैसे मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने चिकित्सकों को उनके कर्तव्यों, संवेदनशीलता और मरीजों के प्रति जिम्मेदारियों का भी बोध कराया।
चिकित्सा विद्यार्थियों एवं चिकित्सकों ने अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखे। उपमुख्यमंत्री ने इन विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा चिकित्सकों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ कार्यस्थल उपलब्ध कराने के महत्व पर बल दिया। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में आवश्यक पहल का भरोसा भी दिलाया।
यह संवाद कार्यक्रम भावी चिकित्सकों के लिए मार्गदर्शन के साथ अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचाने का माध्यम बना। इससे चिकित्सा संस्थानों में बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित कार्य वातावरण विकसित करने की दिशा में सार्थक चर्चा हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

