कांग्रेस लोकतांत्रिक परंपराओं से हटकर न्यायाधीशों और निर्वाचन आयोग का मजाक बना रही : मुख्यमंत्री
रीवा, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को रीवा में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होकर कांग्रेस पर निशाना साधा। एनसीसी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक परंपराओं से हटकर न्यायाधीशों और निर्वाचन आयोग का मजाक बना रही है। कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर भी आपत्ति जताई थी। वह न भगवान राम को मानती है और न शिव को, बल्कि केवल सत्ता की राजनीति करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अथक परिश्रम से संविधान का निर्माण किया और उसमें सभी वर्गों के कल्याण का प्रावधान किया। कांग्रेस ने धारा 370 जैसी विभेदकारी व्यवस्था जोड़कर जम्मू-कश्मीर में अराजकता और आतंकवाद को बढ़ावा दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 समाप्त कर भेदभाव का कलंक मिटाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा और अपने शासनकाल में कई बार राज्य सरकारों को बर्खास्त किया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति सालाना आय 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर एक लाख 17 हजार रुपये हो गई है। इसी तरह बिजली उत्पादन पांच हजार मेगावाट से बढ़कर 30 हजार मेगावाट तक पहुंच गया है। स्लीमनाबाद में नर्मदा जल परियोजना की टनल का निर्माण पूरा हो गया है। इससे विंध्य क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी उपलब्ध होगा। जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के इन कार्यों से विरोधी दलों को परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका पर सवाल उठाकर देश के युवाओं और आम नागरिकों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। इसी कथित दोहरे रवैये को जनता के सामने लाने के उद्देश्य से लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा आयोजित की गई है।
सभा में केंद्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री निमूबेन बांभनिया ने कहा कि रीवा की धरती पर लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी एकत्रित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में 12 में से 10 बार निर्वाचन आयोग ने एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की, लेकिन तब कांग्रेस ने कोई सवाल नहीं उठाया। एसआईआर के बाद भी कई राज्यों में कांग्रेस चुनाव जीती तो उसे व्यवस्था सही लगी, लेकिन चुनाव हारने पर निर्वाचन आयोग और एसआईआर पर आरोप लगाए जाने लगे।
उपमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विंध्य क्षेत्र को विकास की कई सौगातें मिली हैं। बाणसागर बांध की नहरों के निर्माण, रेलवे परियोजनाओं के लिए पर्याप्त राशि और नर्मदा जल परियोजना के तहत स्लीमनाबाद में टनल निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

