home page

रीवाः सेवा संकल्प और स्वच्छता अभियान के तहत गूंजा नशा मुक्त समाज का नारा

 | 
रीवाः सेवा संकल्प और स्वच्छता अभियान के तहत गूंजा नशा मुक्त समाज का नारा


रीवा, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नशा मुक्ति और स्वच्छता को लेकर एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली है। रविवार को शहीद भगत सिंह सेवा समिति ने अनूठे अंदाज में जन जागरूकता अभियान चलाया।

समिति के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने रीवा के व्यस्ततम अग्रसेन चौक एवं कोठी कंपाउंड क्षेत्र में एकत्रित होकर बेहद प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने कोरेक्स सिरप की खाली शीशियों की माला अपने गलों में पहनी और हाथों में झाड़ू थामकर सड़कों की सफाई की। इस अनोखे प्रदर्शन को देखकर मार्ग से गुजरने वाले लोग ठिठक गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के घातक दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना तथा स्वच्छ समाज के साथ-साथ पूरी तरह से नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान शहीद भगत सिंह सेवा समिति के अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी ने युवाओं और आम नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नशा युवा पीढ़ी के भविष्य और उनके जीवन के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कोरेक्स सहित विभिन्न प्रकार के घातक नशीले पदार्थों की चपेट में आकर आज का युवा न केवल अपना शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य तबाह कर रहा है, बल्कि अपने परिवारों को भी गहरे आर्थिक और सामाजिक संकट में धकेल रहा है।

सुजीत द्विवेदी ने जोर देकर कहा कि यदि देश की युवा शक्ति ही नशे के अंधकार में खो जाएगी, तो राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य बुरी तरह प्रभावित होगा। युवाओं को नशे की इस गिरफ्त से सुरक्षित बाहर निकालना केवल सरकार या प्रशासन का दायित्व नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। समिति ने उपस्थितजनों से आह्वान किया कि स्वच्छता अभियान की तर्ज पर नशा मुक्ति को भी एक जनआंदोलन का रूप दिया जाना बेहद जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी