अनूपपुर: पोषण सेवाओं की पारदर्शिता, नियमित मॉनिटरिंग,एवं समयबद्ध आपूर्ति जरूरी-कलेक्टर
अनूपपुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (पुष्पराजगढ़) अंतर्गत 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किए जा रहे “संपूर्णता अभियान 2.0” की समीक्षा बैठक गुरूवार को कलेक्टर हर्षल पंचोली ने अभियान के अंतर्गत निर्धारित 6 प्रमुख सूचकांकों में शत-प्रतिशत परिपूर्णता करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।
संपूर्णता अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि एवं बुनियादी ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण संकेतकों में पूर्णता प्राप्त कर क्षेत्र का समग्र एवं सतत विकास करना है। सभी विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग से आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, टेक होम राशन तथा गर्म पका भोजन की समीक्षा कर पोषण सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा या महिला सेवाओं से वंचित न रहे। बालिकाओं के लिए कार्यशील एवं सुरक्षित शौचालयों की उपलब्धता की समीक्षा में उन्होंने सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय की उपलब्धता, स्वच्छता साथी के माध्यम से नियमित साफ-सफाई एवं उचित रख-रखाव करने के निर्देश दिए। साथ ही नवीन विद्यालय भवनों में शौचालय निर्माण तथा पुराने विद्यालय भवनों में आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त शौचालय निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संपूर्णता अभियान 2.0 से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग मंजूषा शर्मा, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र आशुतोष कुशवाहा, एबीपी फेलो राजस्वनी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

