सागरः अपैक्स बैंक प्रशासक ने ली सागर संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की समीक्षा बैठक
सागर, 11 जून (हि.स.)। अपैक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने गुरुवार को सागर संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की एक महत्वपूर्ण विभागीय समीक्षा बैठक ली।
जिला सहकारी बैंक सागर के सभागार में आयोजित इस बैठक में उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं (पैक्स) में सदस्यता वृद्धि अभियान तथा खरीफ वर्ष 2026 के लिए किसानों को ऋण और खाद वितरण की प्रगति की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सरकार किसानों और सर्वहारा वर्ग के हितों के संरक्षण तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से अपैक्स बैंक द्वारा 14 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक एक विशेष सदस्यता महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेश के 10 लाख नए किसानों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।
यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर किसानों से केवल 500 रुपये अंश पूंजी एवं 100 रुपये सदस्यता शुल्क प्राप्त कर उन्हें सहकारी संस्थाओं का प्राथमिक सदस्य बनाया जाए। सदस्य बनने के बाद किसान सरकार की शून्य प्रतिशत (0%) ब्याज योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने समिति प्रबंधकों को इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और जिला बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इसकी दैनिक आधार पर सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्तीय अनुशासन पर बात करते हुए महेंद्र सिंह यादव ने ऋण वसूली पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी ऋण वसूली के लिए निरंतर क्षेत्र में प्रयास करें, जिससे सहकारी बैंक वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर और मजबूत बनें। बैंक मजबूत होंगे तो सहकारी आंदोलन भी निरंतर प्रगति करेगा। आगामी खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसानों को खाद (उर्वरक) वितरण में किसी भी प्रकार की परेशानी या किल्लत का सामना नहीं करना पड़ना चाहिए। समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी शाखा प्रबंधकों को निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि शासन स्तर पर कोई व्यावहारिक या तकनीकी समस्या आ रही हो, तो उसे तुरंत उनके संज्ञान में लाएं ताकि उसका शीघ्र निराकरण किया जा सके।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर चल रहे एक पेड़ माँ के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए प्रशासक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए हमें अपने घर, कार्यालय और संस्थानों में पौधे जरूर लगाने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे किसानों को प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम से जोड़ने के प्रयास करें, ताकि ग्रामीण अंचलों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी पहुँच सके।
बैठक का कुशल संचालन आईटी मैनेजर आशीष राजोरिया एवं सहायक प्रबंधक अनुराग द्वारा किया गया। इस अवसर पर संभागीय शाखा प्रबंधक अपैक्स बैंक सागर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज दुरेजा ने भी अपने विचार साझा किए और संभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान बैंक प्रबंधन एवं कर्मचारी यूनियन द्वारा अपैक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव का शाल-श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट कर और बुंदेली परंपरा के अनुसार साफा बांधकर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया। इसके बाद यादव ने सभी बैंक अधिकारियों के साथ बैंक परिसर में सामूहिक रूप से पौधारोपण भी किया।
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अपैक्स बैंक के ओएसडी अभय प्रधान, संभागीय शाखा प्रबंधक वर्मन, सुशील शुक्ला, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सागर के सीईओ नीरज दुरेजा, एस.के. कनोजिया (पन्ना), अभिषेक मोहन व्यास (दमोह), शिवम शाह (छतरपुर), अनुपम पांडेय (टीकमगढ़), सुश्री रितु मीना, प्रबंधक लेखा राजेश जैन, विपणन प्रभारी, अरविंद पांडेय (फील्ड प्रभारी) सहित सागर संभाग के सभी जिलों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रबंधक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

