home page

राजगढ़ःगैस रिसाव से धमाका,आग में झुलसने से सेवानिवृत इंजीनियर की मौत

 | 
राजगढ़ःगैस रिसाव से धमाका,आग में झुलसने से सेवानिवृत इंजीनियर की मौत


राजगढ़, 24 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर स्थित शिवधाम कॉलोनी में शुक्रवार अलसुबह एक घर में गैस रिसाव के कारण हुए जोरदार धमाके में 85 वर्षीय सेवानिवृत्त इंजीनियर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी भी घायल हो गईं, जिनके हाथ झुलस गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5 बजे की है।

बताया जा रहा है कि घर में रातभर गैस का रिसाव होता रहा, जिससे बंद रसोई में गैस भर गई थी। परिवार को इसकी भनक नहीं लगी। सुबह जब सुरेंद्र सिंह भल्ला रसोई में पहुंचे और गैस चूल्हा जलाने का प्रयास किया, तभी अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके के साथ ही आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आकर भल्ला गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि उनकी पत्नी पदमा भल्ला के हाथ भी आग से प्रभावित हुए। धमाके की आवाज सुनकर कॉलोनीवासी मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण लोगों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र सिंह भल्ला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में नरसिंहगढ़ के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। धमाके के कारण घर के ऊपरी कमरे के कांच के गेट और खिड़कियां टूट गईं, वहीं आग से घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि सुरेंद्र सिंह भल्ला मूल रूप से पानीपत के निवासी थे और पिछले 12-13 वर्षों से ब्यावरा में रह रहे थे। घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक