home page

रिकॉर्ड गेहूं उपार्जन से मध्य प्रदेश बना देश का अग्रणी राज्य : हेमंत खंडेलवाल

 | 
रिकॉर्ड गेहूं उपार्जन से मध्य प्रदेश बना देश का अग्रणी राज्य : हेमंत खंडेलवाल


भोपाल, 29 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार काे प्रदेश सरकार द्वारा 104 लाख 22 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं के रिकॉर्ड उपार्जन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने गेहूं उपार्जन के क्षेत्र में देश में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों, प्रभावी प्रबंधन और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव के कुशल नेतृत्व में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, समय पर भुगतान और सुविधाजनक खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। निर्धारित 100 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य के मुकाबले 104 लाख 22 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं उपार्जन होना किसानों के विश्वास और सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कांग्रेस के भ्रम और दुष्प्रचार की भी पोल खोलती है।

लघु एवं सीमांत किसानों को मिला सबसे अधिक लाभ

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इस वर्ष खरीदी व्यवस्था में लघु एवं सीमांत किसानों को विशेष प्राथमिकता दी गई। प्रदेश में 13 लाख 41 हजार 266 से अधिक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा गया, जिनमें 8 लाख से अधिक सीमांत एवं लघु किसान शामिल हैं। किसानों को 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस सहित कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया गया। अब तक 23 हजार 708 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने खरीदी व्यवस्थाओं की लगातार की मॉनिटरिंग

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तौल व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता और किसानों के लिए जरूरी सुविधाओं की लगातार मॉनिटरिंग की। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्लॉट बुक करा चुके किसानों के लिए उपार्जन अवधि भी बढ़ाई गई। प्रदेश सरकार द्वारा खरीदी केंद्रों पर तौल काटों की संख्या बढ़ाने, रात तक तौल पर्ची एवं भुगतान व्यवस्था जारी रखने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। साथ ही किसानों के लिए पेयजल, छायादार स्थान और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई।

किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध सरकार

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब और किसान के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प केवल अन्नदाता का सम्मान करना नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी और आत्मनिर्भर कृषि राज्य बनाना है। प्रदेश सरकार किसान हित और कृषि समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे