रतलाम में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, पटवारी 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, सीमांकन के लिए मांगे थे 30 हजार
रतलाम, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सैलाना में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी पटवारी कैलाश वरख्या ने किसान से कृषि भूमि के सीमांकन (नपती) के बदले 30 हजार रुपये की मांग की थी।
लोकायुक्त निरीक्षक राजेंद्र वर्मा के अनुसार, ग्राम अडवानिया (तहसील सैलाना) निवासी जितेंद्र पाटीदार ने 10 अप्रैल को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में एसपी आनन्द कुमार यादव को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पिता ईश्वरलाल पाटीदार के नाम पर सैलाना और बागरियों की खेड़ी में करीब 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसके सीमांकन के लिए 22 जनवरी 2026 को लोकसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया गया था।
घर पहुंचकर मांगी रिश्वत, पहले ही ले चुका था 3 हजार
आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता 9 मार्च को तहसील कार्यालय पहुंचा, जहां हल्का पटवारी कैलाश वरख्या ने सीमांकन के लिए रिश्वत की मांग की। आरोप है कि 9 अप्रैल को पटवारी खुद शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और 30 हजार रुपये मांगे। बाद में बातचीत के दौरान 7 हजार रुपये कम कर दिए गए और 10 अप्रैल को 3 हजार रुपये अग्रिम के रूप में ले लिए गए। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। दोपहर में सैलाना तहसील कार्यालय के नायब नाजिर कक्ष में जैसे ही शिकायतकर्ता ने शेष 20 हजार रुपये पटवारी को दिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है। फिलहाल उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक विशाल रेशमिया, उमेश एवं श्याम शर्मा शामिल रहे। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

