home page

रतलाम-इंदौर फोरलेन पर पुलिया के डिवाइडर से टकराई कार, बाल रोग विशेषज्ञ और उनके ससुर की मौत

 | 
रतलाम-इंदौर फोरलेन पर पुलिया के डिवाइडर से टकराई कार, बाल रोग विशेषज्ञ और उनके ससुर की मौत


भोपाल से परिवार के साथ लौट रहे थे डॉ. मनीष सिंह, प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका

रतलाम, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रतलाम-इंदौर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसे में रतलाम जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष सिंह और उनके 80 वर्षीय ससुर शिवनारायण राजौरिया की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब पूरा परिवार भोपाल से रतलाम लौट रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे धराड़ के आगे और टोल प्लाजा से पहले स्थित एक छोटी पुलिया पर हुआ। तेज रफ्तार कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। डॉ. मनीष सिंह (42) अपनी पत्नी स्टेफनी गुप्ता, दो बेटियों रैना और सयाना (7), साढ़ू अजय गुप्ता, उनकी पत्नी लवलीना गुप्ता तथा ससुर शिवनारायण राजौरिया के साथ भोपाल से रतलाम लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने डॉ. मनीष सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उनके ससुर शिवनारायण राजौरिया ने सोमवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य परिजनों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे