home page

जबलपुर में जय जगन्नाथ के उद्घोष के साथ निकली जगन्नाथ रथयात्रा

 | 
जबलपुर में जय जगन्नाथ के उद्घोष के साथ निकली जगन्नाथ रथयात्रा


जबलपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। शहर के हृदय स्थल बड़ा फवारा में अलग-अलग दिशाओं से भगवान जगन्नाथ के रथ पहुंचे। जो जुलूस के रूप में मुख्य मार्ग में शामिल हुए। इस दौरान जय जगन्नाथ के उद्घोष से शहर गुंजायमान हो गया।

जुलूस मार्ग पर विभिन्न बैंड एवं धमाल ढोल ताशे की ध्वनि गूंजती रही। वहीं भगवान के विभिन्न रथों के साथ जगन्नाथ का प्रसिद्ध प्रसाद बांटा गया।जगन्नाथ रथ यात्रा में मार्ग को स्वर्णमयी झाड़ू से बुहारा गया है। यात्रा की अगुवाई करने संतों का जमावड़ा रहा। जगन्नाथ के भात, जगत पसारे हाथ के नारों के साथ गुंजायमान फुहारा क्षेत्र में जगन्नाथ पुरी जैसा धार्मिक माहौल रहा।

नर्मदा महाआरती के संस्थापक एवं रथ यात्रा स्वागत समिति के अध्यक्ष डॉ सुधीर अग्रवाल ने बताया कि रथ यात्रा को नरसिंह पीठाधीश्वर जगद्गुरु नरसिंह दास, राजारमाचार्य महाराज, स्वामी पगलानंद, स्वामी चंद्रशेखरनंद, राम जीशरण महाराज, योगी महंत राजेश दास, भागवतचार्य योगेंद्र महाराज की अगुवाई में यात्रा निकाली गई। स्वागत समिति के शरद अग्रवाल के द्वारा खिचड़ी का महाभोग मीठा भात भक्तों को बांटा गया। यात्रा में जगदीश मंदिर गड़ाफाटक, साहू समाज, ,बंगाली क्लब, विट्ठल रघुराई मंदिर सहित कई मंदिरों के रथ एक साथ निकाले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक