अनूपपुर: रामलाल रौतेल अनुसूचित जनजाति आयोग के दूसरी बार बने अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी
अनूपपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के अनूपपुर विधानसभा पूर्व विधायक एवं पूर्व कोल विकास प्राधिकरण मध्य प्रदेश के अध्यक्ष रामलाल रौतेल को मध्य प्रदेश सरकार ने गुरूवार को अनुसूचित जनजाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
दूसरी बार बने अध्यक्ष
अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष के लिए पूर्व विधायक रामलाल रौतेल के नाम पर मुहर लगी है। रौतेल दूसरी बार ये पद संभालने जा रहे हैं। इससे पहले 2010 में उन्हें आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था। वह दो बार अनूपपुर विधानसभा से विधायक रहे और कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके साथ ही आयोग के सदस्य भगत नेताम और मंगल सिंह धुर्वे के नामों का ऐलान हुआ है।
रामलाल रौतेल गृह ग्राम चोरभटी से दो बार सरपंच, अभिभाजित शहडोल जिला पंचायत सदस्य चुने गये। वर्ष 2003 अनूपपुर विधानसभा से पहली बार विधायक बने। वर्ष 2010 अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष, वर्ष 2013 दूसरी बार विधायक बने। वर्ष 2023 कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष बनाये गये। वर्ष 1998, 2008, 2018 का विधानसभा चुनाव में पराजय मिली।
रामलाल रौतेल को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसका स्वागत जिले के भाजपा नेताओं ने किया। प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिलीप जायसवाल, सांसद हिमाद्री सिंह, अनूपपुर विधायक बिसाहू लाल सिंह, भाजपा जिला प्रभारी संजय साहू, जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह सहित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

