home page

रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक जब्त

 | 
रक्षाबंधन त्यौहार को लेकर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक जब्त


- भोपाल के आईएसबीटी और नादरा बस स्टैंड पर हुई जांच

भोपाल, 24 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी और संदिग्ध खाद्य सामग्री के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को विभाग की टीम ने आईएसबीटी और नादरा बस स्टैंड पर बाहर से बसों के जरिए भोपाल लाई जा रही खाद्य सामग्री की जांच की। इस दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक जब्त किया गया।

दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नागपुर से आई थी करीब 78 हजार रुपए की खेप

नादरा बस स्टैंड पर जांच के दौरान नागपुर के रास्ते भोपाल लाई गई मावा और मिल्क केक की खेप मिली। इसमें 150 किलो मावा की अनुमानित कीमत 45 हजार रुपए बताई गई है। इसकी बुकिंग भोपाल की अरीहंत डेयरी के नाम से की गई थी। इसी तरह 166 किलो मिल्क केक की कीमत करीब 33 हजार रुपए आंकी गई है। यह खेप सब्जी मंडी क्षेत्र स्थित लवली स्वीट्स के नाम से बुक थी। दोनों खेपों की कुल अनुमानित कीमत करीब 78 हजार रुपए है।

रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

खाद्य विभाग की टीम ने जब्त मावा और मिल्क केक के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सामग्री निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक निगरानी

त्योहारों के दौरान भोपाल में बाहर से आने वाले दुग्ध उत्पादों और मिठाइयों की बड़ी मात्रा को देखते हुए खाद्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें हलालपुरा, आईएसबीटी और नादरा बस स्टैंड के अलावा भोपाल, बैरागढ़, निशातपुरा और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर भी खाद्य सामग्री की जांच कर रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार रक्षाबंधन और इसके बाद आने वाले त्योहारों को देखते हुए मावा, मिल्क केक, मिठाई, घी, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। बाहर से भोपाल लाई जाने वाली खाद्य सामग्री की जांच आगे भी जारी रहेगी।

त्योहारों में बढ़ जाती है मावा-मिठाई की मांग

रक्षाबंधन समेत अन्य त्योहारों पर मावा, मिठाई और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए खाद्य विभाग ने बस और रेल मार्ग से शहर में आने वाली खाद्य सामग्री की जांच पर फोकस किया है। विभाग का उद्देश्य संदिग्ध या मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली सामग्री को बाजार तक पहुंचने से पहले ही रोकना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे