सागर : कटरा बाजार में राखी की दुकान सजाते समय फैला करंट, व्यापारी की मौत
सागर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में प्रसिद्ध कटरा बाजार स्थित नमक मंडी क्षेत्र में रक्षाबंधन पर्व की तैयारियों के बीच शनिवार को राखी की अस्थाई दुकान तैयार कर रहे 45 वर्षीय व्यापारी विजय जैन (उर्फ कक्का जी) बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी जान चली गई, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और त्यौहार की तैयारियां मातम में बदल गई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, बड़ा बाजार निवासी विजय जैन नमक मंडी में अपनी अस्थाई दुकान का स्ट्रक्चर खड़ा कर रहे थे। दुकान बनाते समय इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का पाइप पास से गुजर रही बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे दुकान में तेज करंट फैल गया।
करंट का झटका इतना जोरदार था कि इसकी चपेट में आने से विजय जैन वहीं गिर पड़े। बताया जा रहा है कि करंट का प्रभाव आसपास की 2 से 3 अन्य अस्थाई दुकानों तक भी पहुंच गया था। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और साथी व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए भाग्योदय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं, व्यापारी की मौत की खबर फैलते ही कटरा बाजार में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एकत्रित हो गए। व्यापारियों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बिजली व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि त्यौहारों के सीजन में कटरा बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में बड़ी संख्या में अस्थाई दुकानें लगती हैं। ऐसे में बिजली विभाग और प्रशासन को तारों की सुरक्षा तथा बिजली सप्लाई के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए, ताकि इस तरह के जानलेवा हादसों को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

