home page

राजगढ़ः जिले के दो शिक्षकों का राज्यपाल पुरस्कार के लिए चयन

 | 
राजगढ़ः जिले के दो शिक्षकों का राज्यपाल पुरस्कार के लिए चयन


राजगढ़, 07 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शासकीय हाईस्कूल पाड़ल्याखेड़ी के माध्यमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य मुकेश नागर का चयन राज्यपाल पुरस्कार के लिए हुआ है। उन्हें 8 सितंबर को राजभवन में सम्मानित किया जाएगा। वहीं शासकीय प्राथमिक विद्यालय क्रमांक-2 माचलपुर के प्राथमिक शिक्षक सुरेश चंद्र सोनी को भोपाल में आयोजित समारोह में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शिक्षक मुकेश नागर ने वर्ष 2007 में विद्यालय में पदस्थ होने के बाद शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए लगातार नवाचार किए। उस समय कक्षा 10वीं का परिणाम शून्य से 10 प्रतिशत के बीच था, जो उनके प्रयासों से 80 से 96.88 प्रतिशत तक पहुंचा। वर्ष 2021 में विद्यार्थी जितेंद्र सौंधिया ने गणित में 100 में से 100 और 2025 में अंकित सौंधिया ने 99 अंक हासिल किए। डिजिटल क्विज और लेसन प्लान से आसान हुई गणित की पढ़ाई एमएससी गणित योग्यता वाले नागर ने ब्लूप्रिंट आधारित डिजिटल क्विज, अध्यायवार लेसन प्लान और मॉडल टेस्ट पेपर तैयार किए। इनमें बोर्ड के पुराने प्रश्न भी शामिल किए गए। उनकी शैक्षणिक सामग्री का उपयोग जिले के 216 सरकारी हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों में हो रहा है। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा और बाल विवाह रोकथाम के लिए अभिभावकों से संवाद किया। 40 से अधिक ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को ‘रुक जाना नहीं’ व ओपन बोर्ड के जरिए दोबारा शिक्षा से जोड़ा।

माचलपुर के शिक्षक सुरेश चंद्र सोनी को गुणवत्तापूर्ण, बाल-केंद्रित और आनंदमय शिक्षा के साथ विद्यालय उपहार योजना में जनभागीदारी के लिए सम्मान मिला। उन्होंने समुदाय को विद्यालय से जोड़कर एफएलएन स्मार्ट कक्षा सहित स्कूल के सर्वांगीण विकास के प्रयास किए। दोनों शिक्षकों की उपलब्धि को जिले के शिक्षा जगत के लिए गौरव बताया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक