राजगढ़ः सारंगपुर उत्कृष्ट विद्यालय को 2.88 करोड़ की सौगात, 10 नए कक्ष बनेंगे
राजगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सारंगपुर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 2 करोड़ 88 लाख 44 हजार रुपये की लागत से नवीन भवन सहित अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल की मौजूदगी में रविवार को निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा। इससे उनके शैक्षणिक विकास के साथ उज्ज्वल भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त होगा। विद्यालय में लंबे समय से विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप सुविधाओं के विस्तार की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब नए कक्षों और अन्य निर्माण कार्यों से विद्यार्थियों को बैठने की बेहतर व्यवस्था मिलेगी। साथ ही विद्यालय परिसर में शौचालय और बाउंड्रीवॉल जैसी सुविधाओं का भी विस्तार होगा। निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर विद्यालय के करीब 1100 विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

