home page

राजगढ़ः भाषा विज्ञान में यूनिवर्सिटी टॉपर बनी यशिका का राज्यमंत्री टेटवाल ने किया सम्मान

 | 
राजगढ़ः भाषा विज्ञान में यूनिवर्सिटी टॉपर बनी यशिका का राज्यमंत्री टेटवाल ने किया सम्मान


राजगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेड के राजगढ़ जिले के सारंगपुर निवासी यशिका मिश्रा ने डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर में भाषा विज्ञान विषय से एमए की परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। यशिका की इस उपलब्धि पर रविवार को सारंगपुर के सेवा सदन कार्यालय में प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने उनका अभिनंदन कर सम्मान किया।

यशिका के पिता रजनीश मिश्रा सहित उपस्थितजनों ने भी उन्हें इस सफलता पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल करने की खबर सामने आते ही परिजनों और परिचितों में खुशी का माहौल है।

सम्मान समारोह में राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि यशिका की सफलता उनकी मेहनत, लगन, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छोटे शहर से निकलकर विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना गौरव की बात है। यशिका ने अपनी उपलब्धि से सारंगपुर के साथ पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

टेटवाल ने कहा कि यशिका की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलें तो वे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। उन्होंने यशिका को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियों की ऐसी उपलब्धियां समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करती हैं और नई पीढ़ी को अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक