राजगढ़ः ब्यावरा को प्रदेश में अव्वल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें-मंत्री पंवार
राजगढ़,8 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा विधानसभा को विकास और जनसेवा के क्षेत्र में प्रदेश में अव्वल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति देखें।
यह निर्देश शनिवार को प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने अनुभाग स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पारदर्शी तरीके से समय पर पहुंचे। विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और निर्धारित समयसीमा में काम पूरे किए जाएं।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने परीक्षा परिणामों में सुधार के लिए स्कूलों की रेंडम चेकिंग करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और पढ़ाई के स्तर की नियमित निगरानी के साथ कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। सरकारी शिक्षकों द्वारा निजी कोचिंग संचालित करने की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य विभाग को कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग की समीक्षा में मंत्री ने किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने और केंद्र व राज्य की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने को कहा। उद्यानिकी और पशुपालन अधिकारियों को भी किसानों के बीच जाकर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। वन विभाग की समीक्षा में घुरैल पहाड़ी क्षेत्र में पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने लगाए गए पौधों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। पशुपालन विभाग को गौशालाओं का फील्ड में निरीक्षण कर चारा, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग को जमीन से जुड़े प्रकरणों और किसान सम्मान निधि के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया। ब्यावरा और सुठालिया में पेयजल, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

