home page

राजगढ़ः मंत्री पंवार ने हितग्राहियों को बांटे प्रमाण-पत्र,बोले- पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता

 | 
राजगढ़ः मंत्री पंवार ने हितग्राहियों को बांटे प्रमाण-पत्र,बोले- पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता


राजगढ़, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सेवा सेतु अभियान के तहत नगर पालिका ब्यावरा में रविवार को आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार शामिल हुए। उन्होंने नगरवासियों से संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ और प्रमाण-पत्र वितरित किए। वर्षों से आवासीय अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे लोहपीटे समाज के पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे भी दिए गए।

मंत्री पंवार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्हाेंने नगर की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मी प्रतिदिन शहर को स्वच्छ रखने के लिए मेहनत करते हैं। स्वच्छता केवल उनकी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम में ब्यावरा नगर पालिका के नवनिर्वाचित वरिष्ठ पार्षदों का भी सम्मान किया गया।

लोहपीटे परिवारों को मिलेगी मूलभूत सुविधाएं

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि लोहपीटे समाज के परिवार पीढ़ियों से कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर जीवन यापन करते आए हैं। सम्मान के साथ जीवन जीना उनका अधिकार है। पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे देने के साथ उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने तथा व्यवस्थित बसाहट में सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा पर काम कर रही है। आयुष्मान योजना में पात्र परिवारों को 5 लाख रुपए तक उपचार की सुविधा मिल रही है।

सफाई व्यवस्था के लिए मिलीं 10 नई कचरा गाड़ियां

मंत्री ने बताया कि ब्यावरा नगर पालिका को 10 नई कचरा संग्रहण गाड़ियां मिली हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था और बेहतर होगी। उन्होंने नागरिकों से घर, गली और मोहल्ले को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष लीलादेवी कुशवाह,जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, पवन कुशवाह, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, मंडल महामंत्री सुमित सोलंकी, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, सीएमओ इकरार अहमद सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सफाईकर्मी और नगरवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक