home page

राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने छात्राओं को साइकिल वितरित की

 | 
राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार ने छात्राओं को साइकिल वितरित की


राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यावरा में शुक्रवार को आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। निःशुल्क साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय तक सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सके।

उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, सेना, चिकित्सा, राजनीति और अंतरिक्ष जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए उन्होंने छात्राओं से कहा कि बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और मेहनत व आत्मविश्वास के बल पर उन्हें हासिल करें। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यालय के परीक्षा परिणाम में आई गिरावट पर चिंता जताई और शिक्षकों को कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देकर उनका शैक्षणिक स्तर सुधारने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव,भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी ,अमित शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि व एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, बीईओ दिलीप शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य एनएस. सिकरवार सहित शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक