home page

राजगढ़ःराज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा कल, कलेक्टर ने किया तैयारियों का निरीक्षण

 | 
राजगढ़ःराज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा कल, कलेक्टर ने किया तैयारियों का निरीक्षण


राजगढ़, 25 अप्रैल(हि.स.)। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार, 26 अप्रैल को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो सत्रों में किया जाएगा। परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने शनिवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुँचकर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, एसडीएम निधि भारद्वाज,डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी,जिसमें प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगा। द्वितीय सत्र दोपहर 2ः15 बजे से 4ः15 बजे तक होगा निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। जिले में कुल पाँच परीक्षा केंद्र बनाए गए है, जिनमें शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज,राजगढ़, पीएम श्री महाविद्यालय,राजगढ़, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय,राजगढ़, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,राजगढ़, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ब्यावरा। इन केंद्रों पर कुल 734 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थियों को ई-प्रवेश पत्र, फोटो पहचान पत्र, निर्धारित पेन, स्वयं का फोटो एवं पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, हेडफोन सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। बैग, पुस्तक, पर्स, बेल्ट, आभूषण आदि लाने पर भी रोक रहेगी। अभ्यर्थियों को चप्पल या साधारण सैंडल पहनने की सलाह दी गई है। चेहरे को ढंककर प्रवेश वर्जित रहेगा। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा जांच हेतु महिला स्टाफ की तैनाती की गई है। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुँचने और निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक