राजगढ़ः राज्यमंत्री पंवार का जन्मदिन सेवा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित
राजगढ़, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी मंडल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मत्स्य पालन एवं मछुआ कल्याण मंत्री नारायणसिंह पंवार का जन्मदिन जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया।
राज्यमंत्री पंवार की अपील के अनुरूप कार्यकर्ताओं ने भव्य आयोजन से दूरी बनाते हुए सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान सिविल अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल और बिस्किट वितरित किए गए तथा अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि मोहन पंवार ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने मंत्री पंवार के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना करते हुए पौधरोपण अभियान में भी भागीदारी निभाई।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि मंत्री पंवार ने जन्मदिन पर किसी प्रकार का बड़ा उत्सव नहीं मनाने और इसके बजाय सामाजिक कार्यों से दिन को जोड़ने की अपील की थी। इसी संदेश को आत्मसात करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी। इस अवसर पर लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री पंवार के कार्यकाल में क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है और विकास कार्यों को नई गति मिली है।
वहीं सोशल मीडिया पर भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल राजनीतिक जीवन की कामना की। फल वितरण एवं पौधरोपण कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि मोहन पंवार, मंडल महामंत्री दीपक समारे, सुमित सोलंकी, वरिष्ठ नेता गोपाल जाटव,विष्णू साहू मंडल उपाध्यक्ष सोनू जाटव, मयूर गुप्ता, गिरिराज लववंशी, कपिल मीणा, राधे दांगी, संदीप अहिरवार,पुष्पा मोहन पंवार,आशा शर्मा, शगुन शर्मा, पूजा अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

