home page

राजगढ़ः गेहूं खरीदी अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने किया हाईवे जाम, प्रशासन की समझाइश के बाद माने

 | 
राजगढ़ः गेहूं खरीदी अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने किया हाईवे जाम, प्रशासन की समझाइश के बाद माने


राजगढ़, 23 अप्रैल(हि.स.)। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के अंतिम चरण में अव्यवस्थाएं बढ़ने से परेशान किसानों ने गुरुवार को जयपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर विरोध जताया। मोहनपुरा डेम मार्ग स्थित वेअरहाउस खरीदी केंद्र पर किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर सड़क रोक दी, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। किसानों का आरोप था कि स्लॉट बुकिंग में दिक्कत, सैंपल रिजेक्ट होने और तुलाई में अनावश्यक देरी की वजह से उन्हें भारी परेशानी हो रही है।

किसानों ने बताया कि एक ही खेत के गेहूं की दो ट्रॉलियों का सैंपल लिया गया, जिसमें एक को पास कर दिया गया और दूसरी को बिना कारण बताए रिजेक्ट कर दिया गया। इस भेदभाव से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। किसानों ने खरीदी केंद्र की संसाधनों की कमी भी उजागर की। उनके अनुसार चार में से केवल दो तौल कांटे चालू हैं, जिससे तुलाई की गति बेहद धीमी हो गई है। वहीं निर्धारित 40 हम्मालों के स्थान पर केवल 18 हम्माल काम कर रहे हैं, जिसके कारण खरीदी प्रक्रिया बाधित हो रही है। सूचना मिलते ही एसडीएम निधि भारद्वाज और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर सैंपल की दोबारा जांच करवाई और विवाद का समाधान कराया। इसके बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। एसडीएम ने बताया कि किसानों की समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है तथा अतिरिक्त तौल कांटे और हम्माल बढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि खरीदी प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक