home page

राजगढ़ः आध्यात्मिकता ही जीवन की वास्तविक पूंजी-महामंडलेश्वर परमानंद

 | 
राजगढ़ः आध्यात्मिकता ही जीवन की वास्तविक पूंजी-महामंडलेश्वर परमानंद


राजगढ़,8 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में गुरु पूर्णिमा उत्सव के अवसर पर शनिवार को श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं राष्ट्रीय संत युगपुरुष महामंडलेश्वर पूज्य परमानंद जी महाराज का आगमन हुआ। भोपाल बायपास स्थित अखंड परमधाम आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उन्होंने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक प्रवचन दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्त और नागरिक शामिल हुए।

परमानंद जी महाराज ने कहा कि मनुष्य को जीवन में आध्यात्मिकता को महत्व देते हुए ईश्वर से अपना जुड़ाव बढ़ाना चाहिए। यही जीवन की वास्तविक पूंजी है। उन्होंने कहा कि भौतिक सुख-सुविधाएं और धन-संपत्ति जीवन के साथ समाप्त हो जाती हैं, लेकिन सत्संग से प्राप्त ज्ञान और संस्कार व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से सत्संग सुनने और संतों की शरण में रहने का आह्वान किया। महाराज ने कहा कि सच्चे ज्ञान की प्राप्ति के लिए गुरु का मार्गदर्शन आवश्यक है। गुरु ही व्यक्ति को सत्य का बोध कराते हुए जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने की दिशा दिखाते हैं। कार्यक्रम में अखंड परमधाम आश्रम समिति की ओर से परमानंद जी महाराज की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पादुका पूजन एवं गुरु पूजन किया। आयोजन के समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ज्योतिर्मयानंद जी महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रवचन में भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीराम के आदर्शों पर चलकर मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक