home page

राजगढ़ःमोहनपुरा कृषि धाम में प्राकृतिक खेती पर किसान संगोष्ठी,कम लागत- ज्यादा उत्पादन और जैविक खेती पर दिया जोर

 | 
राजगढ़ःमोहनपुरा कृषि धाम में प्राकृतिक खेती पर किसान संगोष्ठी,कम लागत- ज्यादा उत्पादन और जैविक खेती पर दिया जोर


राजगढ़,25 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के मोहनपुरा डेम स्थित कृृषि धाम में शनिवार को भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में प्राकृतिक खेती विषय पर किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के 10 से अधिक गांवों से पहुंचे किसानों ने भाग लिया और प्राकृतिक एवं जैविक खेती के आधुनिक मॉडलों की जानकारी प्राप्त की।

संगोष्ठी के दौरान मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राजपूत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती समय की आवश्यकता है। इससे खेती की लागत कम होती है,मृदा की उर्वरता बढ़ती है, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलता है और रसायनमुक्त उत्पादन से लोगों को स्वस्थ खाद्यान्न उपलब्ध होता है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी ने भी प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जैविक और प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की आय बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का मजबूत आधार भी है। इस अवसर पर अतिथियों और किसानों ने कृषि धाम का भ्रमण किया तथा यहां विकसित अनार, आम, अमरूद, स्ट्रॉबेरी सहित विभिन्न फलदार एवं औषधीय पौधों का अवलोकन किया। कृषि धाम में प्राकृतिक खेती के सफल प्रयोग, आधुनिक तकनीकों और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सतीश बैस, जिला मंत्री रामचरण नागर, राजू पटेल, पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेश्याम यादव, राकेश चावड़ा, रामगोपाल गुर्जर तथा कृषि धाम की देखरेख कर रहे संजय तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे। संगोष्ठी में प्राकृतिक खेती को जन- जन तक पहुंचाकर समृद्ध किसान, सशक्त कृषि और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक