राजगढ़ः भागवत कथा में शामिल हुए मंत्री पंवार
राजगढ़, 23 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा समीपस्थ ग्राम भंवास स्थित भगवान श्री हनुमान मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में बुधवार को मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार शामिल हुए। उन्होंने कथा का श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
मंत्री पंवार ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि मानव जीवन को सत्य, धर्म, सदाचार और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके उपदेशों से व्यक्ति को जीवन में धर्म एवं कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की सीख मिलती है। उन्होंने प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे, प्रत्येक परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आए तथा मध्य प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े।
मंत्री पंवार ने सेवा संकल्प अभियान के तहत 27 सितंबर को प्रस्तावित वड़नगर से वाराणसी मोटरसाइकिल यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक की। उन्होंने यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, प्रस्तावित मार्ग और अन्य तैयारियों की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और यात्रा के दौरान आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। मंत्री पंवार ने कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नही रहनी चाहिए। यात्रियों की सुविधा और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। भागवत कथा में जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं बैठक में मंडल अध्यक्ष राजू यादव, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, जनपद सीईओ मोनिका झारिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

